धरमघर (बागेश्वर)। पिता की डांट से क्षुब्ध होकर एक नाबालिग छात्र लापता हो गया है। 48 घंटे बाद भी छात्र वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने काफी कोशिश की लेकिन छात्र का पता न चला। परिजनों ने पुलिस से मदद की गुुहार लगाई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी है।
कांडा थाना क्षेत्र निवासी नाबालिग चौकोड़ी में एक निजी स्कूल में नवीं का छात्र है। पिछले दिनों किसी बात पर पिता ने उसे डांट दिया। तब से वह नाराज चल रहा था। बुधवार को यह छात्र रोज की तरह घर से स्कूल गया। लेकिन न तो स्कूल पहुंचा और न ही घर लौटा। परिजनों ने कई संभावित स्थानों पर खोजबीन की। लेकिन पता नहीं चला। बृहस्पतिवार को थाने में छात्र की गुमशुदगी की एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस की जांच-पड़ताल में सामने आया कि छात्र ने पहले से ही घर से भागने का मन बना लिया था।
बुधवार सुबह वह घर से कपड़े साथ लाया था। धरमघर में अपने ताऊ से पांच सौ रुपये उधार मांग कर ले गया। इसके बाद स्कूल के कपड़े बदले और चौकोड़ी से किसी टैक्सी में बैठकर चला गया। एसआइ पीसी जोशी ने बताया कि लापता छात्र की तलाश की जा रही है।