बागेश्वर। बागेश्वर के वीरेंद्र सिंह नेगी ने फैंटेसी क्रिकेट के माई इलेवन सर्किल के मेगा कांटेस्ट में एक करोड़ रुपये जीते हैं। सरना गांव निवासी वीरेंद्र दिल्ली के एक होटल में नौकरी करते हैं। मंगलवार की सुबह बागेश्वर में लोगों को इसकी खबर लगी तो वहां दिनभर इसे लेकर चर्चा होती रही।
बीते रविवार को वीरेंद्र ने माई इलेवन सर्किल के मेगा कांटेस्ट में 100 रुपये की इंट्री जमा कर राजस्थान रॉयल्स और किंग्स इलेवन पंजाब के मुकाबले के लिए टीम बनाई। इस प्रतियोगिता के वह एक करोड़ सत्तर लाख प्रतिभागियों में वह पहले स्थान पर रहे और एक करोड़ रुपये की धनराशि अपने नाम की। वीरेंद्र ने बताया कि कुछ दिन पूर्व गैरसैंण के दर्शन ने माई इलेवन सर्किल पर टीम बनाकर एक करोड़ रुपये जीते थे, जिससे प्रेरित होकर उसने भी इस एप पर टीम बनाई। बताया कि शुक्रवार और शनिवार को भी उन्होंने इसमें भाग लिया था। इसके बाद रविवार को हुए साप्ताहिक मेगा कांटेस्ट में भाग लिया। यहां किस्मत ने साथ दिया और एक करोड़ रुपये जीत गया। फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि 30 प्रतिशत टैक्स कटने के बाद उन्हें 70 लाख 116 रुपये की धनराशि उनके खाते में आ गई है। भविष्य के सपने के बारे में पूछने पर वीरेंद्र ने बताया कि अभी उन्होंने कुछ तय नहीं किया है। सरना के जीवन सिंह नेगी और माधवी देवी का पुत्र वीरेंद्र चार भाई-बहनों में सबसे छोटा है।