बागेश्वर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एडीएम एसएस जंगपांगी ने शुक्रवार को वोटर लिस्ट के संशोधन कार्य की समीक्षा की। उन्होंने विधानसभा चुनाव के लिए वोटर लिस्ट के शुद्धिकरण का काम तय समय में पूरा करने के निर्देेश दिए। वोटर के नाम समेत मतदेय स्थलों के बारे में भी सूचना मांगी गई।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में एडीएम जंगपांगी ने सभी एसडीएम, तहसीलदारों से कहा कि बूथ के भवनों का निरीक्षण कर शीघ्र रिपोर्ट दें। नए बूथ बनाने, पुराने बूथ बदलने हों तो उनके भी प्रस्ताव दें। इस बारे में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के भी सुझाव, प्रस्ताव लिए गए। अधिक दूरी वाले बूथों के विस्तार की जरूरत बताई गई। जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश चंद्र ने मतदान केंद्रों की प्रस्तावित सूची बताई। वर्तमान में संशोधित और नए मतदान केंद्रों के प्रस्ताव बताए।
उन्होंने बूथ चयन के नए मानक बताए। कहा कि गांव में 1200 और शहर में 1400 से अधिक मतदाताओं के लिए नया बूथ बन सकता है। गांव के किसी भवन में दो से अधिक और शहर के किसी भवन में चार से अधिक बूथ नहीं बनाए जाएंगे। वहां एसडीएम फींचा राम चौहान बागेश्वर, केएस टोलिया कपकोट, रेखा कोहली कांडा, तहसील खुशबू आर्या बागेश्वर, कृष्ण कुुमार कांडा, एमएस बिष्ट दुग नाकुरी, बहादुर सिंह कुमल्टा गरुड़, विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र परिहार, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष गरुड़ रंजीत डसीला, जिला महामंत्री किशन कठायत, भाजपा जिलाध्यक्ष उमा बिष्ट, मथुरा प्रसाद, दीप कांडपाल, बसपा के भूपेंद्र धपोला, श्री राम आदि राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि, निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी मौजूद थे।