बागेश्वर। जिले में पांच और कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिले में कोरोना संक्रमण के कुल 155 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 101 लोग इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। 39 का बागेश्वर के कोविड अस्पताल में इलाज चल रहा है। हाल में कौसानी में संक्रमित पाए गए सेना के 14 जवानों का रानीखेत में इलाज चल रहा है, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई है। बुधवार को गरुड़ क्षेत्र में एक कोरोना संक्रमित पाया गया था। बृहस्पतिवार को चार और लोगों में कोरोना का संक्रमण पाया गया है।
सीएमओ डॉ. बीडी जोशी ने बताया कि बृहस्पतिवार को संक्रमित पाए गए चारों लोग तीन अगस्त को दिल्ली से लौटे थे। इन लोगों को बागेश्वर के एक होटल में बनाए गए संस्थागत क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। इन चारों के सैंपल चार अगस्त को लिए गए थे। इनके इलाज की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में इस समय 39 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। लगातार सामने आ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।