बागेश्वर। जिला योजना की बैठक में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के नाराजगी जताने के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। सीएमओ डॉ. कुमार आदित्य तिवारी ने ठेकेदारों को पत्र लिखकर जिला योजना में 2024-25 के लिए आवंटित कार्यों को हर हाल में 30 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ डॉ. तिवारी ने विभाग की ओर से जिला योजना के तहत कार्य करा रहे आठ ठेकेदारों को पत्र जारी किया है। पत्र में ठेकेदारों की लेट लतीफी के कारण विभाग की छवि धूमिल होने की बात लिखी गई है। सीएमओ ने चेताया है कि समय पर कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कटौती की जाएगी। ऐसे ठेकेदारों को अगले साल होने वाली निविदा प्रक्रिया में भी शामिल नहीं कराया जाएगा।
विगत 19 दिसंबर को कैबिनेट मंत्री बहुगुणा ने जिला योजना की बैठक के दौरान कार्यों में धीमी प्रगति पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से नाराजगी जताई थी, जिसके बाद सीएमओ ने सख्ती बरतनी शुरू की है।