बागेश्वर। मंडलसेरा के भुल्यूड़ा और जिनखोला में हर हफ्ते दो से तीन दिन पूरी रात बिजली कटौती किए जाने से उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट गया। आक्रोशित लोग आधी रात को यूपीसीएल के कार्यालय पहुंच गए। क्षेत्रवासियों ने जल्द समस्या का निदान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बुधवार की रात भी बिजली गुल होने से लोगों का रोष बढ़ गया। रात को करीब 12 बजे परेशान लोगों ने यूपीसीएल के कार्यालय में आकर नारेबाजी की। कार्यालय में तैनात कर्मचारियों के मनाने का भी कोई असर नहीं हुआ। करीब एक घंटे तक उपभोक्ता कार्यालय में ही डटे रहे। क्षेत्रवासियों का कहना था कि कभी सप्ताह में दो तो कभी तीन बार पूरी रात बिजली काट दी जाती है। एक साल से अधिक समय से क्षेत्रवासी इस कटौती की परेशानी झेल रहे हैं। शाम सात बजते ही बिजली गुल हो जाती है और दूसरी सुबह आठ से नौ बजे तक आपूर्ति सुचारू होती है। बताया कि विभाग के सामने कई बार परेशानी को उठाया गया लेकिन स्थिति जस की तस रही। बिजली नहीं होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई और लोगों के दैनिक कार्यों पर असर पड़ रहा है। इस मौके पर सुनील कोहली, संदेश कोहली, भोपाल, अजय कुमार, गिरीश कुमार, सूरज, मोहन कोहली, बबलू, गौरव कुमार आदि मौजूद रहे।