बागेश्वर। सरकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए तमाम प्रयास किए जा रहे हें। कपकोट के भनार गांव में जन शिक्षण संस्थान की ओर से 40 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण का आयोजन प्रस्तावित है। शिविर में महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
क्षेत्र पंचायत सदस्य हंसा कोरंगा ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए गांव की 21 महिलाएं पंजीकरण करा चुकी हैं। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें कपड़ाें की कटिंग, नाप लगाना, विभिन्न डिजाइनों वाले कपड़े सिलना और आधुनिक मशीन को चलाना सिखाया जाएगा। रजिस्ट्रेशन पूरे होने के बाद प्रशिक्षण कार्य संभावित 10 जून से कराया जा सकता है। प्रशिक्षण लेने के बाद महिलाओं को प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। मास्टर ट्रेनर के रूप में गंगा देवी महिलाओं को सिलाई की बारीकियां सिखाएंगी। महिलाओं ने कहा कि गांव में ही प्रशिक्षण मिलने से समय और पैसे दोनों की बचत होगी।