गरुड़ (बागेश्वर)। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही सड़क सुविधा की मांग अब पूरी होने जा रही है। जिला योजना के अंतर्गत स्वीकृत गुमची-लमगड़ा मोटर मार्ग 1.20 किलोमीटर के निर्माण कार्य का लोनिवि ने शुभारंभ कर दिया है।
मुख्य अतिथि विधायक पार्वती दास ने कहा कि सड़क के बनने से ग्रामीणों को काफी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि सड़क मार्ग से जुड़ने के बाद क्षेत्र के काश्तकारों को अपनी कृषि, बागवानी और स्थानीय उत्पादों को मुख्य बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। साथ ही स्कूली बच्चों, मरीजों और आम नागरिकों को शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आपातकालीन सेवाओं के लिए अब दूरी तय करने में परेशान नहीं होना पड़ेगा। क्षेत्रवासियों ने विभाग से समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण की अपेक्षा की है।
इस मौके पर पीएमजीएसवाई अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट, जिपं अध्यक्ष शोभा आर्या, जिपं सदस्य दीपक खुल्बे, नंदन थापा, भाजपा जिला महामंत्री घनश्याम जोशी, जगदीश आर्य, मंडल अध्यक्ष डीके जोशी, अजय पांडे, शंकर राम, दीपक कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद