बागेश्वर। शासन ने बागेश्वर और कपकोट के ऐतिहासिक मंदिरों के सौदर्यीकरण के लिए एक करोड़, पिचयासी लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। पर्यटन विकास के तहत बजट स्वीकृत होने से मंदिरों के व्यवस्थित होने की उम्मीद बढ़ गई है।
शासन ने मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के हरज्यू मंदिर दफौट के साथ जिला मुख्यालय के नीलेश्वर मंदिर और चंडिका देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए एक करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। विधायक पार्वती दास ने मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए बजट स्वीकृत होने पर खुशी जताते हुए कहा कि पौराणिक महत्व के मंदिरों का सौंदर्यीकरण होने से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।
कपकोट के मल्ला दानपुर के ग्राम पंचायत किलपारा में स्थित पौराणिक अलखनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए पचास लाख और नाकुरी पट्टी के ठाईईजर में स्थित बज्यैण मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए पैंतीस लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। कपकोट के विधायक सुरेश गढ़िया ने कहा कि अवमुक्त बजट से मंदिरों का भव्य सौंदर्यीकरण किया जाएगा। कहा कि सरकार पर्यटक स्थलों के विकास के लिए तत्परता के साथ कदम उठा रही है। बागेश्वर के धार्मिक स्थल प्रसाद योजना और मानसखंड मंदिर माला परियोजना में शामिल किए गए हैं। जिले में पर्यटन व्यवसाय में अवश्य बढ़ोतरी होगी।