बागेश्वर में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते कांग्रेसी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। मजियाखेत को जाने वाले सीसी मार्ग के चौड़ीकरण की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने एसडीएम को ज्ञापन दिया। कार्यकर्ताओं ने सीसी मार्ग को चार पहिया वाहन गुजारने लायक बनाने के लिए पालिका से चौड़ीकरण की स्वीकृति दिलाने की मांग की।
युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कवि जोशी के नेतृत्व में कांग्रेसी एसडीएम से मिले। पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने बताया कि तहसील रोड पर मोड़ के पास से मजियाखेत को मुख्य सीसी मार्ग बनाया गया है। रास्ता संकरा होने के कारण केवल दोपहिया वाहन ही यहां से गुजरते हैं। कई बार स्वास्थ्य खराब होने या अन्य परेशानी होने पर चौपहिया वाहन की जरूरत पड़ती है, लेकिन रास्ते के एक छोर पर तहसील परिसर की चहारदीवारी होने के कारण चौड़ीकरण का कार्य नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने एसडीएम से नगरपालिका को मार्ग चौड़ीकरण के लिए जल्द से जल्द स्वीकृति प्रदान करने की मांग की। इस मौके पर हरवंश कक्कड़, कुणाल कक्कड़, ईश्वर पांडे, अंकुर उपाध्याय, मोहन कोरंगा, नरेंद्र कोरंगा, उमेश उपाध्याय आदि मौजूद थे।