दुर्दशा-कपकोट के सुकुंडा सड़क की ऐसी हो गई है हालत। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
कपकोट/बागेश्वर। दूणी-सुकुंडा सड़क की बदहाली से ग्रामीण खफा हैं। ग्रामीणों ने सड़क की दशा न सुधरने पर आगामी तीन मार्च से आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इसके लिए बाकायदा संघर्ष समिति का गठन किया है।
दूणी-सुकुंडा सड़क का निर्माण 2010 में हुआ था। 2017 में बरसात में सड़क को काफी नुकसान पहुंचा। कई स्थानों पर सड़क मलबे से पट गई। रविवार को दूणी में हुई बैठक में लोगों ने सड़क की बदहाली पर रोष जताया। कहा कि लगातार मांग उठाने के बाद भी लोनिवि के साथ ही जनप्रतिनिधि सड़क की दशा सुधारने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहे हैं।
बैठक में ही सड़क निर्माण के लिए संघर्ष समिति का गठन करते हुए धन सिंह गढ़िया को अध्यक्ष, खुशाल सिंह गढ़िया को उपाध्यक्ष, गोविंद सिंह गढ़िया को कोषाध्यक्ष, पूरन सिंह गढ़िया को संरक्षक चुना गया गया। तय हुआ कि तीन मार्च से दूणी में आंदोलन शुरू किया जाएगा। उधर, लोनिवि के सहायक अभियंता हरीश जोशी का कहना है कि बजट के अभाव में दूणी-सुकुंडा सड़क का सुधारीकरण नहीं हो पा रहा है। सड़क की मरम्मत के लिए धन की मांग की गई है।