प्रस्तावित कौसानी-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग के सर्वे में स्थानीय लोगों को विश्वास में नहीं लेने से क्षेत्र के लोगों में रोष हैं। कांग्रेसियों ने सर्वे के विरोध में सीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सुंदर सिंह को सौंपा।
कांग्रेस के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि प्रस्तावित कौसानी-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग का सर्वे गुरुग्राम (हरियाणा) की एक कंपनी कई दिनों से क्षेत्र में कर रही है। कंपनी ने प्रस्तावित सड़क का सर्वे कौसानी, लौबांज, भोजगढ़, पाये, बिमोला, नौघर, माल्दे तैलीहाट होते ग्वालदम को किया है। प्रस्तावित सर्वे में काश्तकारों की कृषि भूमि आ रही है। कांग्रेसियों ने सर्वे कंपनी पर आरोप लगाया है कि सर्वे के दौरान कंपनी ने स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों को विश्वास में नहीं लिया है। क्षेत्र की जनता प्रस्तावित सर्वे का पुरजोर विरोध करती है। पूर्व विधायक फर्स्वाण ने सीएम से सड़क का सर्वे नये सिरे से कराने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में ब्लॉक प्रमुख भरत फर्स्वाण, रंजीत रावत, रंजीत दास, डीसी पांडे, हरीश भट्ट, उमेश पांडे, भीम बोरा, सौरभ नेगी, संतोष तिवारी ललित जोशी आदि थे।