बागेश्वर। लीसा ठेकेदार वेलफेयर सोसायटी की जिला इकाई की बैठक में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर रोष जताया गया। तय किया गया कि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो 16 सितंबर से आंदोलन किया जाएगा।
यहां एक होटल में सोसायटी के जिलाध्यक्ष शेखर पांडे की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि विभाग ठेकेदारों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनका उत्पीड़न करने पर तुला है। ठेकेदारों को लीसा ढुलान और अन्य कार्यों का भुगतान नहीं हो रहा है। वक्ताओं ने गत वर्ष विभाग में जायका, कैंपा योजना, जंगलों, रास्तों के निर्माण, फायर सीजन में काम कर रहे श्रमिकों और फायर वाचरों के नाम पर खर्च हुए खर्च आदि की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
इसके अलावा विभाग में पूर्णकालिक प्रभागीय वनाधिकारी की तैनाती की भी मांग की गई। संचालन मोहन सिंह रावत ने किया। बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष इंद्र सिंह फर्स्वाण, दयाल चौबे, विशन दत्त, टीका राम, कृपाल दत्त, शंभू कांडपाल, लीला पांडे, देवी दत्त पाठक, भूधर नारायण सिंह, राजेंद्र प्रसाद, नंदन सिंह, केवलानंद, लक्ष्मण सिंह, सुंदर राम, कुंदन राम आदि थे।