पोथिंग और तोली गांव की समस्याओं को लेकर उत्तराखंड जन चेतना मंच के बैनर तले चौथे चरण में आमरण अनशन में बैठे पोथिंग गांव के हरि दत्त जोशी, गोपाल दत्त जोशी जबकि तोली गांव के रणजीत सिंह और गोपाल राम का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। इनमें से गोपाल राम की हालत बुधवार की शाम को बिगड़ गई। सूचना पर कपकोट थाना पुलिस ने अनशन स्थल से गोपाल राम को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट में भर्ती करा दिया।
इससे पूर्व जन चेतना मंच के अध्यक्ष हरीश जोशी की अध्यक्षता में हुई सभा में मांगें शीघ्र पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज करने की चेेतावनी दी गई। इस मौके पर बीडीसी सदस्य प्रकाश जोशी, पोथिंग की प्रधान के पति मदन गढ़िया और तोली केेेे प्रधान भूपाल सिंह, पूर्व कनिष्ठ ब्लॉक उप प्रमुख भगवत गढ़िया करम सिंह दानू आदि थे।
उधर तहसील परिसर के दूसरे हिस्से में सर्व दलीय संघर्ष समिति के बैनर तले सीएचसी को पीपीपी मोड से हटाकर बेस अस्पताल बनाने की मांग को लेकर बुधवार को भाजयुमो के ब्लॉक अध्यक्ष राजू दानू और खीम सिंह दानू क्रमिक अनशन पर बैठे। वहां सुंदर देव, नारायण कपकोटी, पूरन सिंह और महिमन कपकोटी आदि थे।