नगर में अपने घर के बाहर घूम रहे एक बुजुर्ग को सांड़ ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बुजुर्ग ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से शहरवासी दहशत में हैं। शहर की सड़कों में घूमने वाले सांड़ पिछले छह माह में एक दर्जन से अधिक राहगीरों को घायल कर चुके हैैं। इनमें सर्वाधिक बुजुर्ग और महिलाएं शामिल थीं।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम को नुमाईशखेत मैदान निवासी 80 वर्षीय प्यारेलाल साह अपने घर के बाहर मार्ग में टहल रहे थे। तभी एक सांड़ ने एकाएक उन पर हमला कर दिया। सांड़ ने उन्हें अपने सींगों से उठाकर हवा में उछाल दिया। जिससे वह सड़क पर गिर गए और उनके सिर गंभीर चोट आ गई। आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने के बाद सांड़ वहां से चला गया।
इसके बाद परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए परंतु मार्ग मेें ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से नगर के लोग भयभीत हैं।
शहर में पिछले छह माह में सड़कों पर घूमने वाले सांड़ एक दर्जन से अधिक राहगीरों को घायल कर चुके हैैं। समाचार पत्रों में खबरें छपने के बाद सांड़ों के बढ़ते हमले और राहगीरों की सुरक्षा के मामले का संज्ञान लेते हुए पिछले दिनों जिला विधिक प्राधिकरण ने भी नगरपालिका से जवाब मांगा था।
इसके बाद नगरपालिका ने कई सांड़ों और गायों को गौ सदन भेजा इसके बाद भी सड़कों पर घूमने वाले जानवरों की समस्या कम नहीं हुई। बुधवार को हुई घटना के बाद से नगर के लोग दहशत में हैं। नगरवासियों ने प्रशासन से आतंक का पर्याय बन चुके सांड़ों को गौ सदन भेजने की मांग की हैै।