सामान्य प्रेक्षक एमएस जया ने कहा कि निर्वाचन में लगे अधिकारी और कर्मचारी आपस में सामंजस्य के साथ काम करें। चुनाव एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसमें गैर जिम्मेदारी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मतदान कार्मिकों के लिए पोलिंग बूथों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
महाविद्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने चिन्हित दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने के लिए जरूरी व्यवस्था बनाने को कहा। जिला निर्वाचन अधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने सभी सेक्टर, रिटर्निंग आफिसर को निर्देशित करते हुए सभी बूथों का निरीक्षण कर कमियों को एक सप्ताह के अंदर पूरा करने को कहा।
उन्होंने कहा कि इस बार दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के लिए पोलिंग बूथ तक ले जाने की पूरी व्यवस्था बूथ फैसिलिटेटर को करनी है। उन्होंने पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मार्ग में बर्फवारी की स्थिति में जेसीबी सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में भी जरूरी दिशा निर्देश दिए। आपदा प्रबंधन विभाग को सौर लालटेनों की भी व्यवस्था के निर्देश दिए। सेक्टर मजिस्ट्रेटों को बूथों का निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए शौचालय, विद्युत, पेयजल और बूथ निर्माण के संबंध में बूथ फैसिलिटेटर को निर्देशित करने को कहा। बैठक में सीडीओ एसएसएस पांगती, एडीएम एसएस जंगपांगी, एसडीएम श्याम सिंह राणा, डॉ. उदय शंकर आदि अधिकारी मौजूद थे। इससे पूर्व प्रेक्षक एमएस जया ने बूथों का निरीक्षण भी किया।