हाडड्रो पावर प्रोजेक्ट के कर्मचारी वार्ता करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
वेतन बढ़ोतरी और निकाले गए कर्मचारियों को काम पर वापस रखने सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलित उत्तर भारत हाइड्रो प्रोजेक्ट के कर्मचारियों की सभी मांगें मान ली गई हैं। कंपनी प्रबंधन से वार्ता के बाद कर्मचारी काम पर वापस लौट आए हैं।
वेतन बढ़ोतरी, भविष्य निधि, श्रम कानून के तहत सभी को वेतन भत्ते, निशुल्क आवास की सुविधा, ओवर टाइम का भुगतान, बोनस भत्ता, आई कार्ड उपलब्ध कराने और निकाले गए कर्मियों की वापसी की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को कंपनी के प्रबंध निदेशक नरेश गोयल से वार्ता विफल होने से कर्मचारियों ने काम ठप कर दिया था।
शुक्रवार को एसडीएम रवींद्र सिंह बिष्ट की मध्यस्थता में कंपनी के प्रबंध निदेशक और कर्मचारियों की बीच वार्ता हुई। प्रबंध निदेशक द्वारा सभी मांगों को मान लेने के बाद कर्मचारी काम पर लौट आए। अनुशासनहीनता के आरोप में निकाले गए यूनियन अध्यक्ष नंदन सिंह की भी कंपनी में वापसी हो गई। कर्मचारियों की वापसी के साथ ही हाइड्रो प्रोजेक्ट में बिजली उत्पादन शुरू हो गया है।