बागेश्वर के डिग्री कॉलेज के समीप बहने वाले गधेरे में पसरी गंदगी।
बागेश्वर। नगर के कठायतबाड़ा में डिग्री कॉलेज गेट के समीप स्थित गधेरे में लोग कूड़ा डाल रहे हैं जिससे गधेरे कूड़े के ढेर में तब्दील होते जा रहे हैं। इससे गधेरे में पानी कम और कूड़ा अधिक नजर आ रहा है।
कपकोट रोड के कठायतबाड़ा क्षेत्र में कॉलेज गेट के समीप स्थित गधेरा पानी की बजाय कूड़े से ढका हुआ दिख रहा है। गधेरे के छोर तक कूड़ा ही कूड़ा नजर आ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पिछले 10-12 वर्षों से गधेरे में कूड़ा काफी बढ़ गया है। नगरपालिका कभी-कभार ही सफाई करवाती है। लोग फिर कूड़ा फेंक जाते हैं। सामने आया है कि जिनका घर सड़क से कुछ दूरी है, वही लोग गधेरे में कूड़ा डाल रहे हैं। सड़क से सटे इलाकों में पालिका का वाहन कूड़ा उठाता है।
नगरपालिका कूड़ा डालने वाले लोगों पर लगाम नहीं कस पा रही है और न ही गधेरे की सफाई की ओर ध्यान दे रही है।
गंदगी से जलस्रोत हो रहा प्रदूषित
बागेश्वर। कॉलेज गधेरे में प्राकृतिक जलस्रोत है। इस स्रोत से आसपास के लोग पानी भरते हैं। गंदगी से पटा गधेरा इस स्रोत को भी प्रदूषित कर रहा है।
ईओ नगरपालिका बागेश्वर, हयात सिंह परिहार ने बताया कि तीन-चार बार गधेरे की सफाई करवाई पर कुछ दिनों बाद हालात वैसे ही बन जाते हैं। जगह-जगह कूड़ेदान लगवाए गए हैं, कूड़े की गाड़ी रोजाना आती है फिर भी लोग गधेरे में कूड़ा डाल रहे हैं। गधेरे में कूड़ा डालने वाले लोगों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।