विकास भवन परिसर में नारेबाजी करते साधन सहकारी समिति के सचिव।
- फोटो : amar ujala
सातवां वेतनमान दिए जाने सहित आठ सूत्री मांगों को लेकर साधन सहकारी समिति के सचिवों की कलमबंद हड़ताल 10वें दिन मंगलवार को भी जारी रही। ग्राम पंचायत अधिकारी संघ ने भी सचिवों के आंदोलन को समर्थन दिया है। सचिवों की हड़ताल से समितियां बंद होने से काश्तकार परेशान हैं।
सातवें वेतनमान का लाभ, निबंधक कार्यालय के प्रस्ताव के अनुसार कैडर सचिवों की सेवाओं का सरलीकरण एवं राजकीय कोष से वेतन आहरण कर वेतन का स्थायी समाधान निकालने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सचिवों की कलमबंद हड़ताल जारी है।
मांगों के समर्थन में सचिवों ने जोरदार नारेबाजी भी की। मंगलवार को ग्राम पंचायत अधिकारी संगठन के अध्यक्ष सुरेश चंद्र कांडपाल ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया।
प्रदर्शन करने वालों में अध्यक्ष हीरा बल्लभ भट्ट, मंत्री घनानंद पांडे, अंबा दत्त, अनिल मेहता, प्रकाश जोशी, वीरेंद्र सिंह, तारा दत्त जोशी, सुरेश साही, हरीश चंद्र पांडे, ललिता प्रसाद, गणेश सिंह, खीम राम, चंदन गिरी, कैलाश मिश्रा, शेखर चंद्र, उमेश जोशी आदि थे।