बागेश्वर। कथित रूप से बागेश्वर जिला पंचायत की मटेला सीट में हुए सदस्य पद के उपचुनाव के दौरान वायरल धमकी भरे ऑडियो का मामला पुलिस तक पहुंचा है। औखली क्षेत्र के एक ग्रामीण ने सीओ को तहरीर सौंपकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। भाजपा ने भी पुलिस प्रशासन से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
14 जून को वाट्सएप पर जान से मारने की धमकी और अभद्रता करने वाला ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। इसमें एक प्रत्याशी क्षेत्र के ही एक व्यक्ति को गांव से एक भी वोट पार्टी विशेष के पक्ष में पड़ने पर उसे जान से मारने और उसकी बेटी को घर से उठाने की धमकी देता सुना गया।
धमकी देने वाला प्रत्याशी इस चुनाव में स्वयं के चार-पांच लाख रुपये खर्च होने की बात करते भी सुना गया। करीब 6:39 मिनट के इस ऑडियो में उसने उसे वोट न मिलने पर गांव के ही दो और लोगों को भी देख लेने की धमकी दी थी। कथित रूप से इस ऑडियो को बागेश्वर जिला पंचायत की मटेला सीट में हुए सदस्य पद के उपचुनाव का बताया गया।
लगातार चर्चा का विषय बने इस ऑडियो के वायरल होने के चार दिन बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सीओ कार्यालय पहुंचे ग्रामीण ने शनिवार को सीओ यूएस नेगी को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि धमकी के बाद से वह अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित है।
सीओ से मिलने वालों में विधायक चंदन राम दास, एडवोकेट सुरेश कांडपाल, खड़क टंगड़िया आदि भाजपाई शामिल थे। सीओ नेगी ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है। इसकी जांच की जा रही है। इसके बाद ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।