कपकोट (बागेश्वर)। कपकोट-दूणी सड़क के चौड़ीकरण के काम में लगी जेसीबी मशीन की चपेट में आने से ग्राम पंचायत कपकोट की पेयजल योजना क्षतिग्रस्त हो गई है। योजना के क्षतिग्रस्त होने से गांव और नगर पंचायत के कुछ हिस्सों में पीने के पानी को लेकर हाहाकार मचा है। गांव के पौराणिक धारों के सूख जाने से समस्या और भी विकराल हो गई है। ग्रामीणों ने योजना के शीघ्र सुचारु न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
एडीबी की ओर से इन दिनों कपकोट-दूणी सड़क के चौड़ीकरण का काम कराया जा रहा है। पांच दिन पहले जेसीबी की चपेट में आने ने ग्राम पंचायत की पेयजल योजना छेपड़ाभ्योल के पास क्षतिग्रस्त हो गई थी। तब से योजना ठीक नहीं की जा सकी है। योजना के सुचारु न होने से धरखोला, नगर पंचायत क्षेत्र के कई हिस्सों में पानी आपूर्ति ठप है। नजदीक में कोई अन्य जलस्रोत न होने के कारण ग्रामीणों, नागरिकों समेत मवेशियों को कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
ग्राम प्रधान पूरन सिंह कपकोटी ने बताया कि एडीबी और पेयजल संस्थान योजना को ठीक करने की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाल रहे हैं। जिससे समस्या और भी बढ़ गई है। योजना के शीघ्र सुचारु न होने पर उन्होंने आंदोलन की भी चेतावनी दी। पेयजल संस्थान के जेई केसी जोशी ने बताया कि योजना को ठीक करने के लिए कुछ पाइप भेजे गए हैं। शीघ्र पेयजलापूर्ति सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं।