बागेश्वर। सीएम पुष्कर सिंह धामी का कनलगढ़ घाटी का प्रस्तावित दौरा खराब मौसम के कारण स्थगित हो गया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत की। उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। कहा कि सरकार संकट की घड़ी में आपके साथ है।
रविवार को सीएम धामी को 12 बजे पंडित बीडी पांडेय के खेल मैदान में बने हेलीपैड में पहुंचकर बैसानी गांव जाना था। दोपहर तक बारिश के कारण सीएम नहीं आ सके। शाम को वीसी के माध्यम से उन्होंने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हरीश राम, रमेश चंद्र के पुत्र गणेश जोशी और बचुली देवी के दोनों पुत्र महेश चंद्र, प्रकाश चंद्र से बात की।
सीएम धामी ने कहा कि दैवी आपदा के सामने हम सब असहाय हैं लेकिन राज्य सरकार हर कठिन घड़ी में आपके साथ खड़ी है। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने पौंसारी गांव का पुनर्वास कराने की मांग की। बैसानी के ग्राम प्रधान ने क्षेत्र में मोबाइल टावर लगाने की मांग की।
डीएम भटगांई ने सीएम धामी को हालात की जानकारी दी। बताया कि प्रभावित स्थल से अब तक तीन शव निकाले जा चुके हैं। दो लोगों की तलाश जारी है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं। राहत शिविर प्रभावी रूप से चल रहा है। राहत राशि तत्काल वितरित कर दी गई है।
कहा कि पौंसारी में कल तक बिजली, पानी और यातायात सुविधा सुचारू करा दी जाएगी। इस मौके पर एसपी चंद्र शेखर घोड़के, एडीएम एनएस नबियाल, आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल समेत सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारी सीएम के इंतजार में तैनात, जनता राशन और राहत सामग्री के लिए पहुंच रही रेस्क्यू सेंटर
बागेश्वर। पौंसारी आपदा के तीसरे दिन भी राउमावि बैसानी में बने रेस्क्यू सेंटर में सभी विभागों के अधिकारी डटे रहे। स्थानीय आपदा प्रभावित सेंटर में आपदा से हुए नुकसान और प्रशासन की ओर से मुहैया कराए जा रहे राशन व राहत सामग्री के लिए पहुंच रहे हैं। सीएम के रेस्क्यू सेंटर पहुंचने की सूचना के बाद जिला मुख्यालय से बैसानी तक सुरक्षा जवानों की तैनाती गई थी। सीएम से राहत की गुहार लगाने वालों की तादाद अधिक देखने को मिली।
रविवार को दोपहर 12 बजे संवाद न्यूज एजेंसी की टीम रेस्क्यू सेंटर राउमावि बैसानी पहुंची। इस दौरान जिला मुख्यालय से लेकर बैसानी तक चप्पे-चप्पे पर सीएम की सुरक्षा के लिए जवानों की तैनाती की गई थी। सड़कों पर आए मलबे को हटाने का कार्य तेजी से चल रहा था।
रेस्क्यू सेंटर में एडीएम एनएस नबियाल सीएम के आगमन की तैयारियों में जुटे थे। पौंसारी के खाईइजर तोक में प्रभावित परिवार के परिजनों को आपदा के दौरान मृतकों का अंतिम संस्कार कराने के बाद रेस्क्यू सेंटर में ठहराया गया है। सेंटर में आपदा प्रभावितों के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से भोजन और राशन किट, जल संस्थान की ओर से पेयजल, स्वास्थ्य विभाग और पशुपालन विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।
क्षेत्र के ग्रामीण आपदा से हुए नुकसान में राहत देने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों के पास पहुंच रहे थे। दोपहर डेढ़ बजे तक प्रशासन सीएम के आने की तैयारियों में जुटा रहा लेकिन बाद में आपदा प्रभावित परिवारों को एडीएम नबियाल के साथ रेस्क्यू सेंटर से जिला मुख्यालय भेजा गया।
बृहस्पतिवार की रात का मंजर देख हर कोई भयभीत
पौंसारी गांव में बृहस्पतिवार की रात आए सैलाब से ग्रामीण भयभीत है। घर क्षतिग्रस्त होने के बाद पौंसारी के आपदा प्रभावित ग्रामीणों का आसरा अब राउमावि बैसानी में है। स्कूल के एक कक्ष में ग्रामीण चौपाल लगाकर बृहस्पतिवार की रात के मंजर को बयां कर अब इस गांव में नहीं रहना है की चर्चा करते नजर आए। ग्रामीण अपने गांव में आई इस त्रासदी का आपस में जिक्र करते हुए आंखों में आंसू भर ला रहे थे। वहां हर किसी को गांव में मौजूद मवेशियों की चिंता सता रही थी।
मोबाइल चार्ज के लिए जुट रही लोगों की भीड़
क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात हुई अतिवृष्टि के बाद से बिजली आपूर्ति ठप है जिससे ग्रामीणों के मोबाइल चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। रेस्क्यू सेंटर में प्रशासन की ओर से जेनरेटर से आपूर्ति सुचारू की गई है। इसके चलते आसपास के ग्रामीण वहां फोन चार्ज करने के लिए पहुंच रहे हैं। फोन चार्ज करने के बाद ग्रामीण अपने परिजनों को कुशलक्षेम बता रहे हैं।
राशन और दवाइयों के लिए लग रही लंबी कतार
पौंसारी आपदा के बाद रेस्क्यू सेंटर से प्रभावितों को राशन और दवाइयों उपलब्ध कराई जा रही हैं। राशन और दवाइयों के लिए क्षेत्र के ग्रामीणों की भीड़ उमड़ रही है। ग्रामीण लंबी कतार में लगकर राशन किट और दवाइयों प्राप्त कर रहे हैं।