बागेश्वर। कांडा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश से आए एक पर्यटक और स्थानीय टैक्सी चालक के बीच सड़क पर हुई कहासुनी और हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के साथ पर्यटक के पास पिस्तौल होने की अफवाह भी उड़ गई, जो पुलिस जांच में गलत साबित हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार कांडा के समीप दोनों वाहनों की आपस में हुई हल्की टक्कर के बाद विवाद बढ़ गया और सड़क पर ही दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प हो गई। सोशल मीडिया पर बंदूक होने की चर्चाओं के बाद पुलिस हरकत में आई। कांडा के एसओ बलवंत कंबोज ने बताया कि मामला थाने पहुंच चुका है। पुलिस ने पर्यटक और उसके वाहन की तलाशी ली लेकिन उसके पास कोई भी हथियार नहीं मिला। पिस्तौल होने की बात अफवाह थी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों को थाने लाकर पूछताछ कर रही है। क्षेत्र में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अब बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों के वाहनों की चेकिंग और अधिक सख्ती से की जाएगी। संवाद