द्वारहाट (अल्मोड़ा)। बग्वालीपोखर में उपतहसील तो खोल दी गई लेकिन यहां खाता खतौनी तक नहीं निकल पा रही है। इसके लिए क्षेत्र के लोगों को द्वाराहाट तहसील की दौड़ लगाने को मजबूर होना पड़ा है। लोगों ने रजिस्ट्रार कानूनगो जीवन सिंह के माध्यम से एसडीएम को ज्ञापन देकर उप तहसील में यह सुविधा शुरू करने की मांग की है।
मंगलवार को बग्वालीपोखर क्षेत्र के लोग उपतहसील पहुंचे और एसडीएम को ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि लंबी लड़ाई के बाद बग्वालीपोखर और जालली में उपतहसील खोली गई। एक ही दिन अस्तित्व में आने के बाद जाजली उपतहसील में डिजिटल खाता खतौनी निकालने की सुविधा मिल रही है, जबकि बग्वालीपोखर उपतहसील में यह सुविधा अब तक शुरू नहीं हो सकी है। इस मौके पर प्रधान संगठन के जिला महामंत्री प्रमोद चंद्र जोशी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य भूपाल सिंह भंडारी, पनेरगांव प्रधान हेमा जोशी आदि मौजूद रहीं। संवाद