बागेश्वर के बड़ी पन्याली में स्थित नौलिंग मंदिर परिसर में पड़ी दरार। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिले में मानसूनी बारिश से नुकसान होने का सिलसिला जारी है। भारी बारिश से दो मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बड़ी पन्याली में नौलिंग देवता का मंदिर खतरे की जद में आ गया है। आठ मोटर मार्गों पर यातायात ठप होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार की रात कपकोट में 22.50 मिमी, गरुड़ में 10 और बागेश्वर में सात मिमी बारिश हुई। भारी बारिश से गरुड़ तहसील के मटेना में सुनील कुमार पुत्र चनी राम और काफलीगैर तहसील में कलावती देवी पत्नी खीम राम का मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। राजस्व विभाग की टीम ने मौका मुआयना कर नुकसान का आकलन कर लिया है। कपकोट तहसील के बड़ी पन्याली गांव में स्थित नौलिंग देवता मंदिर के समीप दरार पड़ने से मंदिर को खतरा उत्पन्न हो गया है।
बारिश का कहर जिले की सड़कों पर देखने के लिए मिल रहा है। लंबे समय से बंद पड़ी बागेश्वर-दफौट और सौंग-खलीधार सड़क पर रविवार को भी यातायात सुचारु नहीं हुआ। जैसर-रियूनीलखमार, डंगोली-सलानी, कपकोट-कर्मी, धरमघर-माजखेत, बड़ी पन्याली और कपकोट-तोली सड़कों पर भी यातायात ठप हो गया है। सड़कों के बंद होने से ग्रामीण क्षेत्र से तहसील और जिला मुख्यालय आने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इधर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने कहा कि बंद सड़कों को खोलने का काम चल रहा है। लगातार हो रही बारिश से भूस्खलन और मलबा गिरने से दिक्कत आ रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले तीन दिनों तक भी मौसम विभाग ने जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। इसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है।