कठपुड़ियाछीना के अलग ब्लॉक न बनने से क्षेत्र के लोगों में गुस्सा है। जन संघर्ष समिति की बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि लंबित मांग शीघ्र पूरी नहीं हुई तो निर्णायक आंदोलन छेड़ने से पहले नवंबर से घर घर अभियान शुरू किया जाएगा।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष नरेंद्र रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कठपुड़ियाछीना को अलग ब्लाक का दर्जा न मिलने से गांवों का अपेक्षित विकास नहीं हो पा रहा है। इस क्षेत्र से बागेश्वर ब्लॉक की दूरी काफी अधिक होने के कारण वहां आम ग्रामीण आसानी से नहीं पहुंच पाता है। अधिकारियों के गांवों के भ्रमण नहीं आने से लोगों को विकास योजनाओं तक की जानकारी नहीं हो पाती है। अलग ब्लाक की मांग काफी पुरानी है। बैठक में तय किया गया कि निर्णायक आंदोलन शुरू करने से पहले नवंबर में गांव गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
बैठक में पौड़ीधार में बीयर बार खोलने का पुरजोर विरोध किया गया। बैठक के अंत में स्थानीय सस्ता गल्ला विक्रेेता पूरन चंद्र मिश्रा के पुत्र भुवन के असामयिक निधन पर शोक जताया गया। बैठक में ग्राम प्रधान अजय टम्टा, प्रेम राम, नाथ लाल, एनके मिश्रा, पूरन असवाल, भगवती देवी आदि थे।