बागेश्वर में बाल विज्ञान कांग्रेस
- फोटो : अमर उजाला
बागेश्वर। राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद एवं राज्य समन्वयक पीपुल्स एसोसिएशन ऑफ हिल एरिया लांचर्स (पहल) की ओर से विक्टर मोहन जोशी स्मारक जीआईसी बागेश्वर में जिला स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया गया। समारोह का उद्घाटन मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी आर्य ने किया।
बाल विज्ञान कांग्रेस में बाल वैज्ञानिकों ने संधारणीय विकास हेतु विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार और इसके उपविषयों प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, खाद्य एवं कृषि, स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण, जीवन पद्धति एवं आजीविका, आपदा प्रबंधन, परंपरागत ज्ञान पद्धतियों पर शोध पत्र प्रस्तुत किए। सीईओ ने कहा कि विज्ञान, तकनीकी का इस तरह से विवेकपूर्ण उपयोग हो कि प्राकृतिक संसाधनों का सीमित दोहन हो ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी संसाधन सुरक्षित रहें।
जिला समन्वयक दीप चंद्र जोशी ने बताया कि बाल विज्ञान कांग्रेस के माध्यम से पूरे देश के 10 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को उनकी वैज्ञानिक अभिरुचि को उजागर करने, उसे पहचानने, उन्हें अपने ज्ञान का समुचित उपयोग करने का मौका मिलता है। कार्यक्रम में जिला समन्वयक प्रमोद तेवाड़ी, डॉ. शैलेंद्र धपोला, डॉ. बीडी पांडे, प्रदीप जोशी, डॉ. राजीव जोशी, प्रेमप्रकाश, मोहन सिंह, चेतना कोरंगा, विपिन उपाध्याय आदि थे।