जिला अस्पताल बागेश्वर में मरीजों की जांच करतीं डॉ. गुंजन।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। बढ़ती ठंड बच्चों की सेहत पर भारी पड़ रही है। जिला अस्पताल में वायरल फीवर से पीड़ित 35 बच्चे रोज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। बृहस्पतिवार अस्पताल में विभिन्न बीमारियों से पीड़ित 70 बच्चों को उपचार के लिए लाया गया था। जिनमें 35 बच्चे वायरल फीवर से पीड़ित थे।
बालरोग विशेषज्ञ डॉ. गुंजन ने बताया कि जाड़े में वायरस और बैक्टीरिया बहुत तेजी से बच्चों पर हमला करते हैं। इससे सर्दी-जुकाम, नाक बंद होने, सांस लेने में तकलीफ, गले में इंफेक्शन, वायरल फीवर, निमोनिया जैसी समस्याएं होती हैं। बच्चों और बुजुर्गों के लिए इनका खतरा अधिक रहता है। ऐसे में सर्दी के मौसम में बच्चों का खास ध्यान रखने की जरूरत होती है। उन्होंने बताया कि उनके पास रोज करीब 70 बच्चे इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। उनमें अधिकतर बच्चे वायरल बुखार से पीड़ित होते हैं।
उन्होंने बताया कि ठंड से बच्चों को बचाने के लिए बहुत ज्यादा कपड़े लादने की बजाय, उनका तलवा, उनकी हथेली, कान, सिर ढक कर रखें। बच्चे को कुछ देर सुबह के धूप में रखें। उनके आसपास रूम हीटर का इस्तेमाल न करें। क्योंकि हीटर से निकलने वाली सूखी हवा बच्चों के लिए नुकसानदायक होती है।