जिला अस्पताल बागेश्वर में रोजाना आ रहे 25 से अधिक मरीज
बागेश्वर। मौसम में बदलाव आते ही लोग डायरिया की चपेट में आ रहे हैं। बदलता मौसम और दूषित पानी बीमारी को बढ़ा रहा है। जिला अस्पताल में रोजाना 25 से अधिक मरीज डायरिया की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल में तैनात फिजीशियन डॉ. प्रीति यादव ने बताया कि फिजीशियन कक्ष में रोजाना 100 की ओपीडी हो रही है। इसमें से 25 लोगों को डायरिया ग्रसित हैं। वहीं दस लोग वायरल फीवर की समस्या लेकर आ रहे हैं। वरिष्ठ स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. रीमा उपाध्याय ने बताया कि उनके पास भी महिलाएं डायरिया की शिकायत लेकर पहुंच रही हैं। उन्हें फिजीशियन के पास भेजा जा रहा है। डायरिया ग्रसित गर्भवतियों का उपचार वह खुद कर रही हैं। रोजाना दो-तीन गर्भवती डायरिया की शिकायत लेकर आ रही हैं। डॉ. रीमा ने बताया कि बुधवार को डायरिया के कारण दो गर्भवतियों की हालात गंभीर हो गई थी। जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती किया गया था।
लक्षण- डायरिया एक गंभीर बीमारी है। इसमें मरीज को लगातार दस्त और उल्टियां होती हैं। इससे शरीर में पानी की कमी हो जाती है और कमजोरी आती है। समय पर उपचार न मिलने पर गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।
बचाव-
उबले पानी का सेवन करें
ओआरएस का घोल पीएं
साफ और ढंका हुुआ खाना खाएं
जंक फूड से परहेज करें