बागेश्वर। बीस सूत्री कार्यक्रम में बागेश्वर जिला दूसरे स्थान कायम है। विगत तिमाही के आंकड़ों में जिले को 98.29 प्रतिशत अंक मिले। चंपावत जिला 98.37 प्रतिशत अंक के साथ पहले और पौड़ी जिला 83.76 प्रतिशत अंक के साथ अंतिम स्थान पर रहा।
नियोजन विभाग की ओर से जिलों से हर महीने स्वास्थ्य, बिजली, पानी, आवास, रोजगार, कचरा प्रबंधन, एनआरएलएम, स्वरोजगार आदि 20 बिंदुओं की प्रगति रिपोर्ट मांगी जाती है। इसके आधार पर जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की जाती है। तीन महीने के अंकों के आधार पर तिमाही सूची जारी की जाती है। इससे पूर्व की तिमाही में भी जिला दूसरे स्थान पर रहा था।
सीडीओ आरसी तिवारी ने बताया कि विकास योजनाओं की लगातार मॉनिटरिंग, कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के कारण ही अच्छी रैंकिंग मिली है। विभागों की ओर से बेहतर कार्य करने के चलते परिणाम भी अच्छे मिल रहे हैं। भविष्य में जिले को नंबर वन पर लाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। संवाद