बागेश्वर में हरेला पूजती बहन।
- फोटो : अमर उजाला
सुख समृद्धि एवं हरियाली का प्रतीक हरेला पर्व जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर से लेकर गांव-गांव तक लोगों ने पौधे रोपकर हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। डीएम रंजना ने नदियों का संरक्षण एवं पुनर्जीवन के उद्देश्य के तहत चयनित कलना गेधेरा में पौधा रोपा। डीएम ने हरेला को पर्यावरण संरक्षण का त्योहार बताते हुए सभी से पौधे लगाने की अपील की।
पौधरोपण कार्यक्रम में समस्त विभागीय अधिकारियों, शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थियों के साथ ही राइंका एनसीसी कैडेटों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। इससे पूर्व डीएम ने कलेक्ट्रेट परिसर में भी पौधा लगाया।
इधर, वन पंचायत वजौनदीला में हिमोत्थान सोसायटी एवं सहयोगी संस्था चिराग की ओर से हरेला महोत्सव और वन महोत्सव के तहत भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रामीण महिलाओं ने परंपरागत परिधान में मंगल गीत गाए और पेड़ों की पूजा की।
सेरीगांव में क्षेत्र पंचायत सदस्य जोगा सिंह मेहता के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सौ फलदार पौधे रोपे। धरमघर के राइंका कार्कीनगर में पौधरोपण किया। वन विभाग की ओर से लोगों को पौधे उपलब्ध कराए गए। उधर कपकोट, कांडा क्षेत्र में भी हरेला पर्व विशेष उत्साह के साथ मनाया गया। लोगों ने कदली वृक्ष सहित विभिन्न प्रकार के फलदार पौधे रोपे। ब्यूरो