बागेश्वर। नववर्ष के अवसर पर सीबीसी अल्मोड़ा ने लोक संस्कृति के संरक्षण के लिए एक अनूठी पहल शुरू की है। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक कल्याण मनकोटी के नेतृत्व में शोधार्थियों का एक दल जिले के अति दुर्गम और सुदूर क्षेत्रों में जाकर लोक कलाकारों और बुजुर्गजनों से संवाद कर उन्हें सम्मानित किया जा रहा है।
पिछले चार दिनों से दानपुर क्षेत्र में चल रहे इस अभियान के तहत लोक वाद्य वादकों और गायकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। टीम ने दिव्यांग कलाकार पूरन राठौर, गोपी दास, ढोल वादक हर राम, हुड़का वादक धन सिंह, दोनाली मुरली वादक कुंवर सिंह, गिदार हिम्मत सिंह और न्योली गायिका पुष्पा कोरंगा के घर जाकर उन्हें शॉल व ऊनी वस्त्र भेंट किए। स्थानीय कलाकारों ने भी पारंपरिक वाद्य यंत्रों और गीतों के साथ टीम का आत्मीय स्वागत किया। अभियान में शिक्षक मनकोटी के साथ कवि भास्कर भौर्याल, योग प्रशिक्षक दीक्षा बोरा, गुंजन कोरंगा, लक्ष्मण कोरंगा और सीबीसी समन्वयक सोनी मेहता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। संवाद