शनिवार को तहसील रोड में जाम लग गया। जाम में सीडीओ और एसडीएम भी फंस गए। एसडीएम ने वाहन से उतरकर स्वयं यातायात की कमान संभाली। ट्रैफिक पुलिस की मशक्कत के बाद करीब 20 मिनट में यातायात व्यवस्था सुचारु हो सकी।
तहसील रोड में वाहनों का दबाव सबसे अधिक रहता है, लेकिन पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से सड़क के दोनों ओर दोपहिया और बड़े वाहन खड़े होने से जाम लगना आम बात हो गई है। शनिवार सुबह करीब 11 बजे इस रूट में जाम लग गया। जाम में सीडीओ हिमांशु जोशी और एसडीएम फिंचाराम चौहान के वाहन भी फंस गए।
लगातार वाहनों की कतार बढ़ने पर एसडीएम को यातायात व्यवस्था अपने हाथ में लेनी पड़ी। इसके बाद एसएसआई प्रतिमा भट्ट, टीएसआई भूपेश पांडेय सहित अन्य जवानों ने बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवाया, तब कहीं जाकर यातायात सुचारु हुआ। जाम लगने से राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।