फर्जी रमन्ने में उप खनिज लाने में पकड़े गए ट्रक
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने कालिका मिनरल्स के स्वामी के खिलाफ धोखाधड़ी, राजस्व चोरी, आपराधिक षड्यंत्र और उप खनिज (गिट्टी) के फर्जी रवन्ने जारी करने के मामले में बैजनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया है। एसडीएम गरुड़ सुंदर सिंह और एआरटीओ ने तीन जनवरी को कालिका मिनरल्स बागेश्वर से उप खनिज ला रहे डंपर (यूके 10 सीए 0556, यूके10 सीए 0583, यूके10 सीए0461 और यूके 10 सीए 1717 की बैजनाथ में चेकिंग की तो चारों वाहनों में क्षमता से अधिक खनिज पाया गया।
एसडीएम ने चारों वाहनों को राजस्व पुलिस की कस्टडी में तहसील परिसर में खड़ा करवा दिया और वाहन चालकों से कालिका मिनरल्स के रवन्नों की जांच के लिए डीएम को अपनी रिपोर्ट भेजी। डीएम के निर्देश पर खान अधिकारी ने रवन्नों की जांच की, जिसमें सभी रवन्ने फर्जी पाए गए। इस पर एसडीएम गरुड़ ने निदेशक खान, उप निदेशक खान, डीएम को भेजी रिपोर्ट में फर्जी रवन्ना जारी करने के मामले में खान अधिकारी की भूमिका की जांच कराने की भी संस्तुति की है।