बागेश्वर/कपकोट। बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र में ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे से कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक घायल हो गया। दुर्घटना बृहस्पतिवार शाम की है। मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार की शाम को रिखाड़ी लोहराखेत निवासी दीपक टाकुली (32) पुत्र लक्ष्मण सिंह टाकुली सूपी स्थित भद्रतुंगा मंदिर से कार (यूके 04 टी 6256) से लोहारखेत की ओर आ रहे थे। उनके साथ केएमवीएन लोहारखेत में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी प्रवीन सिंह धानिक (45) पुत्र पुष्कर सिंह निवासी सुडिंग लोहारखेत भी सवार थे। शाम करीब सात बजे कपकोट से 15 किमी दूर सौंग लोहारखेत में वाहन अनियंत्रित होकर करीब 20 मीटर नीचे खाई में गिर गई। हादसे में प्रवीन सिंह की मौके पर मौत हो गई । करीब आधा घंटे बाद पहुंचे गांव के लोगों ने घायल दीपक टाकुली को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल दीपक को बृहस्पतिवार रात नौ बजे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात करीब साढ़े दस बजे 108 वाहन से दीपक को जिला अस्पताल लाया गया। दीपक के हाथ और सिर में हल्की चोट आई है। मृतक प्रवीन के परिवार में पत्नी नंदी देवी, पुत्र जितेंद्र (27), योगेश (24) है और बेटी शोभा (22) की शादी हो चुकी है। प्रवीन की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शुक्रवार को जिला स्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया।
-:: सड़क है बदहाल ::- बागेश्वर। घायल को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे क्षेत्र के लोगों ने बताया सौंग-खलीधार सड़क पांच किलोमीटर तक बदहाल है। पहले भी कई बार वाहन अनियंत्रित होकर गिर चुके हैं। सड़क पर गड्ढों की भरमार है। सड़क संकरी है। ग्रामीण कुंदन सिंह, एनआर आर्या, बलवंत सिंह, धाम सिंह, भोपाल सिंह धानिक ने सड़क का सुधारीकरण करने की मांग की है।
घायल दीपक टाकुली।
- फोटो : AMAR UJALA
घायल दीपक टाकुली।