कर सलाहकार समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष बिट्टू कर्नाटक ने कहा है कि व्यापरियों और अन्य लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सभी जिलो में कैंप लगाए जाएंगे। शासन स्तरीय समस्याओं के समाधान को अप्रैल में गैरसैंण में शिविर लगाया जाएगा।
यहां लोनिवि विश्राम गृह में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि कर चोरी के मामलों पर अंकुश लगाने के साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी प्रकार से व्यापारियों का उत्पीड़न न हो। सरकार की आय बढ़ाने के साथ ही पूरी प्रक्रिया में व्यापारियों और अधिकारियों के मध्य सद्भाव कायम रखने के प्रयास होंगे।
उन्होंने कहा कि कर संबंधी समस्याओं को निस्तारण के लिए प्रत्येक जिले में कैंप लगाए जाएंगे। अधिकारियों के साथ मनोरंजन कर और वाणिज्य कर संबंधी समस्याओं पर चर्चा करके उनका निराकरण किया जाएगा। अप्रैल में राज्य स्तर का वृहद कैंप गैरसैंण में लगाया जाएगा। जहां शासन स्तरीय मामलों का समाधान होगा।
ईमानदार अधिकारियों और समय पर कर जमा करने वाले व्यापारियों को सम्मानित किया जाएगा। इससे पूर्व श्री कर्नाटक ने जनसंपर्क किया और व्यापारियों से मुलाकात की। उनके साथ वन विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेंद्र टंगड़िया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी आदि भी थे।