बागेश्वर। समाज कल्याण विभाग की ओर से इंटर कॉलेज दोफाड़ में शनिवार को बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बिजली, सिंचाई, सड़क, पर्यटन आदि विभागों से संबंधित 31 शिकायतें दर्ज हुईं। इसमें कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण ने कहा कि सभी अधिकारी शिविर में प्राप्त जनसमस्याओं का तत्काल निराकरण करें। इसमें किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।
शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने कहा कि गांव के विकास के लिए सरकार प्रयासरत है। उन्होंने ग्रामीणों से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ज्योत्सना ने विधिक सेवा की जानकारी दी। कहा कि गरीबी उन्मूलन के लिए आयोजित इन शिविरों से लोगों को लाभ मिलेगा। शिविर में समाज कल्याण विभाग ने कन्याधन योजना के तहत 20 छात्राओं को 50-50 हजार की एनएससी बांटी।
शिविर में लगाए गए स्टालों के माध्यम से समाज कल्याण विभाग ने विधवा, दिव्यांग, परित्यक्ता, किसान पेंशन के चार आवेदन पत्र भरवाए। अन्य पेंशन संबंधी 14 आवेदन पत्र बांटे। 37 पशुपालकों को पशुओं की बीमारी से संबंधित दवाई दी गई। राजस्व विभाग ने स्थायी निवास के दो, आय के छह, जाति के 11, सैनिक के निकट संबंधी एक, बीपीएल के 10 प्रमाण पत्र जारी किए। स्वजल द्वारा 20 लोगों को वाटर टेस्ट किट बांटे।
कृषि विभाग ने नौ किसानों को 30 छोटे कृषि यंत्र, उद्यान विभाग ने 30 लाभार्थियों को सब्जी बीज बांटे। चिकित्सा विभाग के चिकित्सकों की टीम ने आठ विकलांगों का स्वास्थ्य परीक्षण उन्हें प्रमाण पत्र जारी किए। एसबीआई ने 30 लोगों के खाते खोलकर अटल पेंशन, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं जीवन ज्योति के 15 लाभार्थियों को आवेदन पत्र बांटे गए।