बागेश्वर। करीब 40 साल पुरानी याद को ताजा करने की कोशिश में इस बार एतिहासिक उत्तरायणी मेले में ऊंट को भी लाया जा रहा है। मेला प्रशासन याक भी खोज रहा है और तराई के घोड़ों का इंतजाम कर चुका है। सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ तो उत्तरायणी में इस बार अब ऊंट और घोड़ों की सवारी का आनंद ले सकेंगे और याक के साथ फोटो खिंचवा सकेंगे।
उत्तरायणी मेले में 1980 के दौरान ऊंट, घोड़े, बाघ आते थे। जानकारों की मानें तो 40 साल पहले मेले में सर्कस लगता था और इसमें ऊंट, घोड़े, बाघ आदि जानवर लाए जाते थे। वन्य जीवों पर प्रतिबंध लगने के बाद इनका आना बंद हो गया था। इस बार के मेले के लिए प्रशासन ने ऊंट और घोड़ों का प्रबंध कर लिया है। करीब तीन ऊंट और तीन घोड़े इस बार मेले में मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही मेला प्रशासन याक की खोज भी कर रहा है। मेला प्रशासन की यह योजना कामयाब हुई तो आप मेले में याक के फोटो खिंचवा सकेंगे और घोड़ों तथा ऊंट की सवारी का आनंद ले सकेंगे। पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल का कहना है कि मेले को भव्य बनाने के लिए समिति पूरी तरह प्रयासरत है। मेले में ऊंट, घोड़े के आने की संभावना है।
मेले के दौरान भराड़ी में बंद रहेगा यातायात
कपकोट (बागेश्वर)। उत्तरायणी मेले को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस ने सोमवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। थानाध्यक्ष वंदना चौहान ने कहा कि मेले के दौरान भराड़ी में यातायात बंद रहेगा। बाहर जाने वाले वाहन कपकोट-कर्मी सड़क से होकर जाएंगे। होटलों और ढाबों में बैठकर शराब पीने की किसी को भी इजाजत नहीं दी जाएगी। वहां नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद बिष्ट, व्यापार मंडल अध्यक्ष कपकोट तारा कपकोटी, कोषाध्यक्ष नवीन उपाध्याय, सभासद तनुज तिरूवा, प्रवीन ऐठानी, कांग्रेस नगराध्यक्ष प्रकाश कांडपाल, एलआईयू इंस्पेक्टर मोहन लाल, टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष दयाल सिंह बड़ती, देवेंद्र दानू, आनंद, प्रकाश, हरीश कपकोटी आदि थे।
-
कपकोट में उत्तरायणी मेले की तैयारियां जोरों पर
कपकोट (बागेश्वर)। नगर में 15 जनवरी से शुरू हो रहे उत्तरायणी मेले की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। नगर पंचायत ने मेले के प्रस्तावित सभी कार्यक्रमों को समय पर पूरा कर उन्हें संपन्न करने के लिए समितियों का गठन कर लिया है। नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद बिष्ट ने बताया शिशु मंदिर जूहा भराड़ी और केदारेश्वर मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। केदारेश्वर में विकास प्रदर्शनी के साथ वहां जनेऊ संस्कार के साथ मेलार्थी माघि खिचड़ी का भी लुत्फ उठाएंगे।
-
बैजनाथ में 15 को लगेगा मेला
गरुड़ (बागेश्वर)। गरुड़ तहसील के बैजनाथ धाम में 15 जनवरी को उत्तरायणी मेला लगेगा। मीडिया और सांस्कृतिक प्रभारी दीवान आर्य के अनुसार मेले में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की पंजीकृत टीमों के अलावा हिमालय कला केंद्र लालकुआं को आमंत्रित किया गया है। युवा कलाकार चंदन राम कोहली, शीला रंगीली, आशा लछूली अपनी प्रस्तुति देंगे। 10 जनवरी को मेलास्थल पर स्वच्छता अभियान चलेेगा। ब्यूरो
दो दर्जन से अधिक दुकानें आवंटित
बागेश्वर। नगर पालिका ने उत्तरायणी मेले की तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर में पुलों के रंगरोगन का कार्य अंतिम चरण में है। नगर पालिका ने दुकान आवंटन का सिलसिला शुरू कर दिया है। सोमवार को नगर क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक दुकानदारों को दुकानें आवंटित की गई। नुमाइश मैदान में झूले, सर्कस, मौत का कुुुंआ लगाने का कार्य चल रहा है। विभागीय प्रदर्शनी के लिए भी स्टाल लगाए जा रहे हैं। ब्यूरो