बागेश्वर में बैठक करते व्यापारी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। व्यापारियों ने सुरक्षित दूरी का उल्लंघन करने पर ग्राहकों का चालान काटने की मांग उठाई है। कहा है कि व्यापारी दुकानों में ग्राहकों के प्रवेश से पहले मास्क और सुरक्षित दूरी का पूरा ख्याल रखेंगे। दुकानों में अनावश्यक भीड़ नहीं लगनी दी जाएगी।
जिले में कोरोना के बढ़ते मामलों पर रविवार को नुमाईशखेत के रामलीला मंच में व्यापारियों की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता करते हुए व्यापार मंडल के जिला महामंत्री अनिल कार्की ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए दुकानें बंद करना समस्या का समाधान नहीं है। दुकानें बंद करने से व्यापारियों के आर्थिक हित बिगड़ सकते हैं। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सुरक्षित दूरी ही रामबाण इलाज है। इसका सभी लोगों को सख्ती से पालन करना होगा। ग्राहकों को इस बारे में जागरूक करने का कार्य भी किया जाएगा।
व्यापारियों कहना था कि कई ग्राहक कहने के बाद भी सुरक्षित दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। इसका खामियाजा दुकानदारों को चालान के रूप में भुगतना पड़ता है। बैठक में व्यापार मंडल महासचिव देवेंद्र अधिकारी, वरिष्ठ व्यापारी नरेंद्र खेतवाल, गौरव कठायत, राजू परिहार, नवीन साह, अनुज साह, मनीष पांडेय, हर्ष मेहरा, कवि जोशी, सूरज जोशी, तारा तिवारी, सुनील भंडारी आदि थे।