कपकोट (बागेश्वर)। जिले में बेमौसम हो रही बारिश का असर इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार पर भी पड़ रहा है। तहसील क्षेत्र की बाजारों में पंखे, फ्रिज, कूलर की बिक्री ठंडी पड़ गई है। व्यापारी अन्य वर्षों की तुलना में 30 प्रतिशत कारोबार ही कर सके हैं। मानसून काल समीप होने के चलते अब उम्मीद भी नहीं दिख रही है।
कपकोट और भराड़ी बाजार में इलेक्ट्रिकल्स और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की करीब 20 दुकानें हैं। गर्मी के मौसम को देखते हुए फरवरी-मार्च में व्यापारियों ने पंखे, फ्रिज, कूलर आदि उपकरण मंगाए थे लेकिन जून तक इक्का-दुक्का ही बिक सके हैं। सुरेश शाही नबताते हैं कि पिछले दो साल की तुलना में इस साल 70 से 75 प्रतिशत तक कम कारोबार हुआ है। मई के महीने में बारिश के बाद लोगों ने पंखों के बारे में पूछना तक छोड़ दिया है। पूरा स्टॉक ठंड पड़ा है।
मोहित राठौर बताते हैं कि अन्य वर्षों में जिन दुकानों में 100-150 पंखे बिकते थे। इस साल 20-25 बेचना भी मुश्किल हो गया है। बालादत्त जोशी बताते हैं कि पंखे, फ्रिज और पानी की मोटर का बहुत अच्छा कार्य था लेकिन इस साल कारोबार चौपट है। पंखे के ग्राहक आ नहीं रहे हैं। संवाद