काफलीगैर(बागेश्वर)। क्षेत्र के छानी गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। संपत्ति के लालच और नशे के जुनून में एक बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी भाई के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छानी निवासी हिमांशु नेगी ने झिरौली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते 28 अप्रैल की रात जब वह जिला मुख्यालय से काम निपटाकर घर लौटा, तो उसका बड़ा भाई दीपक नेगी नशे में धुत्त होकर अपनी ही मां के साथ गालीगलौज कर रहा था। हिमांशु ने जब इसका विरोध किया, तो दीपक ने तैश में आकर सीढ़ियों पर उस पर पीछे से धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में हिमांशु के सिर और गर्दन पर गहरे जख्म आए और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद भी दीपक ने उसे लात-घूसों से पीटा और घसीटते हुए कमरे में फेंक दिया। रात भर बेहोश रहने के बाद अगली सुबह ग्रामीणों ने 108 सेवा की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसके सिर और गर्दन पर आठ टांके लगे।
पीड़ित पांच मई तक अस्पताल में भर्ती रहा। हिमांशु ने बताया कि उसका भाई पूर्व में भी उस पर जानलेवा हमला कर चुका है, जिसकी सूचना थाने में दी गई थी। पीड़ित ने आशंका जताई है कि संपत्ति के लालच में उसका भाई भविष्य में भी उसकी हत्या कर सकता है। उसने पुलिस से अपनी जान की सुरक्षा और आरोपी पर कड़ी कार्यवाही की गुहार लगाई है।
.......कोट
पीड़ित हिमांशु नेगी की तहरीर के आधार पर आरोपी दीपक नेगी के खिलाफ हत्या के प्रयास और डराने-धमकाने की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - .मनीष शर्मा, सीओ