कपकोट (बागेश्वर)। बुधवार शाम हुई भीषण बारिश से पुड़कुनी गांव में कल्याण राम के दो मंजिला मकान की एक दीवार ढह गई। पत्थर लगने से पीड़ित के गोठ निचले कमरे में बंधी दुधारु भैंस चोटिल हो गई। इस घटना में परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए।
सूचना मिलते ही राजस्व उप निरीक्षक कपकोट एमएस भाकुनी ने मौका मुआयना कर क्षति का आकलन किया। पटवारी ने प्रभावित को अपने भाई के मकान में शिफ्ट होने को कहा है। पटवारी ने बताया कि उन्होंने पशु चिकित्साधिकारी को पीड़ित की भैंस का उपचार कराने का सुझाव दिया है। ग्राम प्रधान आनंद सिंह मेहता ने शासन, प्रशासन से प्रभावित को उचित मुुआवजा देने की मांग की है।