ग्रामीण उत्थान समिति की ओर से 37वें स्थापना दिवस पर वीरांगना ग्राम पंचायत महिला जनप्रतिनिधियों का जिला स्तरीय सम्मेलन कपकोट में आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में जिले भर की महिला ग्राम प्रधानों ने प्रतिभाग किया। समारोह में महिला प्रधानों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी और विशिष्ट अतिथि बागेश्वर के विधायक चंदन राम दास थे।
बागेश्वर, कपकोट व गरुड़ विकासखंडों से पहुंची महिला पंचायत प्रतिनिधियों ने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ जैसे ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। महिलाओं ने गांव-गांव तक पहुंच रही शराब और बियर बारों के खुलने का विरोध किया। कहा कि सभी कस्बों व गांवों तक पहुंच रही शराब के कारण कई लोग बरबाद हो रहे हैैं। कई महिला प्रतिनिधियों ने लचर स्वास्थ का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यहां के अस्पताल महज रेफर सेंटर बन गए हैं। सलिंग की प्रधान हंसा दयाराकोटी, झूणी की प्रधान गायत्री देवी, मानमती देवी ने शराबबंदी की मांग उठाई। समस्याओं को सुनते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने शिक्षा व स्वास्थ की समस्याओं के समाधान की बात कही। विशिष्ट अतिथि कपकोट के ब्लाक प्रमुख मनोहर राम, बागेश्वर की प्रमुख रेखा खेतवाल, बागेश्वर नगरपालिका अध्यक्ष गीता रावल, नगर पंचायत कपकोट की अध्यक्षा चंपा आर्या, नीतू कपकोटी, डॉ. ललित पंत, कमला भट्ट ने भी विचार रखे। महिला प्रधानों ने नारियां ही पंच हैं, नारियां प्रधान.....सहित तमाम गीत गाए। संस्था के संचालक उमेश जोशी के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में बसंती कपकोटी, तारा, कौस्तुभ, प्रकाश, नारायण सिंह, विनोद, सतीश, अनीता, भुवन जोशी आदि मौजूद थे।