अल्मोड़ा निवासी बोलेरो चालक की बागेश्वर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चालक का शव एक होटल के बाहर सड़क किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
शुक्रवार शाम माल रोड अल्मोड़ा निवासी चालक सुनील उर्फ नारायण सिंह (43) पुत्र बहादुर सिंह बोलेरो संख्या यूके 01टीए-2712 में एडीबी के अधिकारियों को लेकर बागेश्वर आया था। दोनों अधिकारियों को होटल नरेंद्रा पैलेस में पहुंचाने के बाद उसने देहरादून से आए एक चालक के साथ होटल में खाना खाया और सोने की बात कहकर चला गया। शनिवार सुबह होटल कर्मियों को उसका शव सड़क किनारे पड़ा नजर आया। मृतक चालक के नाक से खून निकल रहा था। होटल मालिक ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाल टीआर वर्मा ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।