डीएम मंगेश घिल्डियाल ने डायट में शिक्षक प्रशिक्षकों के साथ बैठक कर प्रारंभिक शिक्षा में गुणात्मक सुधार एवं व्यापक मूल्यांकन पर चर्चा की। उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए जिन विद्यालयों में विज्ञान वर्ग के शिक्षक नहीं हैं ऐसे स्कूलों के छात्रों के लिए परीक्षा से एक सप्ताह पूर्व तक अतिरिक्त कक्षा का संचालन करने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेेट सभागार में आयोजित इस बैठक में डीएम ने शिक्षा की गुणवत्ता पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा में गुणात्मक सुधार के लिए एनआईसी के माध्यम से डाटाबेस तैयार करने पर चर्चा की, शिक्षक प्रशिक्षकों को दीक्षा रजिस्टर अपडेट रखने के निर्देश दिए। बैठक में वीडियो कक्षा संचालन पर भी चर्चा हुई, जिसमें कक्षा में ही बच्चों की टीम गठित करने का सुझाव दिया गया।
कहा गया कि पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों को कठिन प्रश्नों को हल करने में आपसी प्रश्नोत्तरी से मदद मिल सकती है। इससे पढ़ाई के स्तर को बढ़ाया जा सकता है। डीएम ने दक्षता को और अधिक मजबूत करने के लिए समन्वयकों को मॉनीटरिंग करने निर्देश दिए। कहा कि जिन स्कूूलों में छात्र संख्या कम और शिक्षकों की संख्या अधिक है इनमें नजदीकी स्कूलों के छात्रों को संयुक्त रूप से पढ़ाया जाना चाहिए। बैठक में केवलानंद कांडपाल, कैलाश प्रकाश चंदोला आदि मौजूद थे।