बिजली कर्मियों में वेतन विसंगति और अन्य लंबित समस्याओं का समाधान नहीं होने से रोष है। गुस्साए कर्मियों ने ऊर्जा कामगार संगठन के प्रांतीय आह्वान पर बुधवार को बाजुओं में काला फीता बांधकर आंदोलन की शुरुआत कर दी है। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा।
ऊर्जा कामगार संगठन से जुड़े कर्मियों ने कहा कि वेतन विसंगति और अन्य मांगों पर पूर्व में प्रबंध निदेशक ने अपनी सहमति दी थी। बावजूद समस्याएं आज भी जस की तस ही हैं। इन समस्याओं को लेकर कई बार पत्र व्यवहार करने के साथ ही आंदोलन किए गए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
उन्होंने चेेतावनी दी कि यदि मांगें शीघ्र पूरी नहीं हुई तो पहले चरण में 27 अप्रैल तक काला फीता बांधकर रोष जताया जाएगा। दूसरे चरण में दो से सात मई तक तीनों निगम स्तर पर गेट मीटिंग, 16 से 21 मई तक दोपहर लंच का परित्याग कर अतिरिक्त विभागीय कार्य करेंगे।
छह जून को विधानसभा में विशाल रैली और इससे भी काम नहीं बना तो 20 जून को एक दिवसीय धरना और हड़ताल की जाएगी। विरोध प्रदर्शन करने वालों में दिनेश उपाध्याय, देवेंद्र नेगी, सुरेश उपाध्याय, मदन बिष्ट, मोहन पांडे, रमेश मेहता, आनंद आर्या और राजू धामी आदि शामिल थे।