हिमालयन माउंटेन बाइक रैली नौ अप्रैल को बागेश्वर जिले में प्रवेश करेगी। प्रशासन की बैठक में रैली के जनपद आगमन पर रैली में शामिल प्रतिभागियों के स्वागत, ठहरने समेत विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। इस मौके पर डीएम मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि रैली में सौ प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जिनमें 20 विदेशी प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना हैं।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई इस बैठक में जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि रैली नौ अप्रैल को जिले में प्रवेश करेगी। रैली में शामिल सभी प्रतिभागी नौ अप्रैल को जिला मुख्यालय बागेश्वर में ठहरेंगे। दूसरे दिन बागेश्वर से ग्वालदम के लिए रवाना होंगे। डीएम ने पुलिस विभाग को रैली के दौरान कोटमन्या से ग्वालदम तक पायलट वैन रखने, यातायात सुरक्षा, ट्रैफिक कंट्रोल के लिए पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को चिन्हित हेल्थ प्वाइंट पर फर्स्ट एड किट के साथ चिकित्सकों और फार्मेसिस्टों की ड्यूटी लगाने, शिक्षा विभाग को एनसीसी, एनएसएस कैडेटों से सहयोग देने के लिए निर्देशित को कहा गया।
बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान यात्रा मार्ग से लगे स्कूलों के विद्यार्थियों को सड़क किनारे व्यवस्थित तरीके से पंक्तिबद्ध होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
बैठक में व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने स्वयंसेवकों की व्यवस्था का आश्वासन दिया गया। तय किया गया कि कोटमन्या से ग्वालदम तक डाईवर्जन एवं न्यूट्रीशन, फीडिंग प्वाइंट पर दो-दो स्वयं सेवक उपस्थित रहेंगे। जो प्रतिभागियों को दिशा निर्देश ,पीने का पानी, केला, जूस और मेडिकल सुविधा देंगे। बैठक में एडीएम एसएस जंगपांगी, एसडीएम गरुड़ एनएस नगन्याल, जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट, व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष हरीश सोनी आदि मौजूद थे।
----