पोथिंग भगवती मंदिर की खस्ताहाल सड़क।
- फोटो : अमर उजाला
ग्राम पंचायत पोथिंग में भगवती मेला 10 सितंबर से शुरू हो रहा है। लेकिन पिछले एक पखवाड़े से बंद पोथिंग-भगवती-उछात सड़क अभी तक सुचारु नहीं हो पाई है। जल्दी सड़क नहीं खुली तो मेलार्थियों को मेले में पहुंचने के लिए दो किमी की खड़ी चढ़ाई नापनी पड़ेगी। ग्रामीणों ने सड़क शीघ्र न खुलने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
ग्राम पंचायत पोथिंग में भगवती पूजा 10 सितंबर से शुरू हो रही है। गांव को यातायात से जोड़ने के लिए सात किमी लंबी अग्रणी चीराबगड़-पोथिंग सड़क की हालत काफी बदहाल है। पोथिंग-भगवती मंदिर-उछात सड़क भटोला में बुुरी तरह धंसी हुई है। पिछले दिनों विधायक भौर्याल ने लोनिवि के जेई को साथ ले जाकर सड़क का भ्रमण कर सड़क शीघ्र खोलने के निर्देश दिए थे। लेकिन सड़क आज तक नहीं खुल पाई। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क समय पर नहीं खुली तो मेलार्थियों को दो किमी की खड़ी चढ़ाई पार करनी पड़ेगी। आंदोलन की चेतावनी देने वालों में ग्राम प्रधान चंपा देवी, पूर्व प्रमुख भगवत गढ़िया, सरपंच कुंजर सिंह, कुंदन सिंह, गोविंद सिंह, कमलेश गढ़िया और भूपेश आदि शामिल हैं। इधर लोनिवि के ईई संजय पांडे ने बताया सड़क शीघ्र खुलवाई जाएगी।