बिना अवकाश के दो जुलाई से अनुपस्थित रहने वाले प्रधानाध्यापक को डीईओ ने सस्पेंड कर दिया है। लंबे समय तक गैरहाजिरी पर यह प्रधानाध्यापक पहले भी सस्पेंड हो चुका है। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक आकाश सारस्वत को राजकीय प्राथमिक विद्यालय झोपड़ा के प्रधानाध्यापक करण पाल सिंह के लंबे समय से अनुपस्थित होने की शिकायत मिली।
इस पर उन्होंने सीआरसी समन्वयक चंद्रशेखर पाठक को विद्यालय पहुंचकर जांच करने के निर्देश दिए। बुधवार को विद्यालय पहुंचे समन्वयक को प्रधानाध्यापक बिना छुट्टी के दो जुलाई से अनुपस्थित मिले। जांच सही पाए जाने पर डीईओ सारस्वत ने लापरवाही और अनुशासनहीनता पर प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
प्रधानाध्यापक करण पाल सिंह को इससे पहले भी सस्पेंड किया जा चुका है। डीईओ सारस्वत ने बताया कि निलंबित प्रधानाध्यापक को उपशिक्षा अधिकारी कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि स्कूलों में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। अनुशासनहीन, लापरवाह और कार्य के प्रति उदासीनता बरतने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।