ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एसोसिएशन की जिला इकाई की मंगलवार को अध्यक्ष सुरेश कांडपाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। वक्ताओं ने द्वाराहाट क्षेत्र की एक महिला वीडीओ का वहां के बीडीओ द्वारा उत्पीड़न कर सल्फास खाने को विवश करने के मामले की कड़े शब्दों में निंदा की।
बैठक में आरोपी बीडीओ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की गई। विरोध में 16 मार्च को एक दिन का कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि पीड़िता वीडीओ के बयानों के अनुसार द्वाराहाट के बीडीओ ने महिला वीडीओ का मानसिक उत्पीड़न किया।
उत्पीड़न से परेशान होकर ही महिला जहर खाने को मजबूर हुई। इस घटना की जितनी निंदा की जाए कम है। वक्ताओं ने अल्मोड़ा के जिला प्रशासन से इस घटना की शीघ्र न्यायिक जांच कराने और आरोपी बीडीओ रमेश चंद्र के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की। तय किया गया कि घटना के विरोध में 16 मार्च को एक दिन का कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। बैठक में वहां मनोज गोस्वामी, मोहन पांडे, कुंदन प्रसाद, शूरवीर असवाल, संतोष कुमार, मुकुल जोशी, सुनील पांडे, बसंत बल्लभ भट्ट, भगवती कोरंगा, हिमानी जोशी, इंद्रा गढ़िया, सुमन कांडपाल, नेहा खेतवाल आदि थे।